copyright. Powered by Blogger.

चले गये तुम क्यों बापू

>> Sunday, September 28, 2008

चले गये तुम क्यों बापू
ऐसे उँचे आदर्श छोड़ कर
इन आदर्शों की चिता जली है
आदर्शवाद का खोल ओढ़ कर ।

तुमने सपने में भारत की
करी कल्पना कैसी थे
ये जो भारत की हालत है
क्या कुछ - कुछ ऐसी ही थी ?

तुमने आंदोलन - हड़तालों से
विश्व में क्रांति मचा दी थी
इस क्रांति के द्वारा ही
भारत को आज़ादी दिला दी थी।

जब स्वतंत्र हुआ था भारत
जनता कितनी उत्साहित थी
घर - घर दीप जले खुशी के
तेरी जय- जयकार हुई थी ।

अब सुन लो बापू तुम
तेरे भारत की कैसी हालत है
तेरे उन आदर्शों की
कैसे चिता जल रही है ?

हड़ताल शब्द को ही ले लो
कितना अर्थ बदल गया है?
पग -पग पर हड़तालों से
तेरा आस्तित्व मिट चला है ।

अब आओ तुमको मैं
कोई दफ़्तर दिखला दूँ
तेरा कितना आस्तित्व है
इसका तुझको अहसास करा दूँ।

इस दफ़्तर में देखो
तेरी तस्वीर लगी हुई है
बड़ी श्रद्धा से शायद
फूलों की माला चढ़ी हुई है।

उसके नीचे भी देखो
तेरे उपदेशों को लिखा है
रिश्वत लेना महापाप है
यह स्वर्णिम अक्षर में लिखा है ।

तेरे इस उपदेश को
कितनों ने अपनाया है ?
मैने तो हर शख्स को यहाँ
रिश्वत लेते पाया है।

कुछ और दिखाऊँ भारत की झाँकी ?
या बस आत्मा तेरी काँप रही है ?
भारत माँ तेरे जैसे बापू को
आद्र स्वर में पुकार रही है ।

अब प्रश्न किया मैने जनता से
क्या अहसास हुआ तुमको कुछ
ढोल पीटते हैं बढ़ - चढ़ सब
पर हम स्वयं में हैं कितने तुच्छ ।

ओ ! जनता के नेताओं
तुम क्यों नही कुछ बोलते हो ?
क्या गाँधी टोपी से ही केवल
ऊँचे आदर्शों को तोलते हो ।

मत धोखे में रखो खुद को
ये झूठा आवरण हटा दो
गाँधी के आदर्शों को फिर
भारत की धरती पर ला दो .

Read more...

नारी ... एक शमा

>> Friday, September 26, 2008

मैं ,
शमा - दान की
अधजली शमा हूँ ।
जब अँधेरा होता है तो
जला ली जाती हूँ मैं
और उजेरा होते ही
एक फूँक से
बुझा दी जाती हूँ मैं
ओ ! रोशनी के दीवानों
क्या पाते हो ऐसे तुम
क्यों नही जलने देते पूरा
क्षण - क्षण
जला - बुझा कर तुम
मत यूँ बुझाओ मुझको
ज्यादा दर्द होता है
कि पिघलता हुआ मोम
ज्यादा गर्म होता है ।
पिघलने दो उसे
यूँ बुझा कर ठंडा न करो
जलते हुए मिलने वाले
उस सुख को न हरो
चाहती हूँ मैं कि
मुझे एक बार जला दो
कि उस आग को
भड़कने के लिए
बस थोडी सी हवा दो
मैं एक बार पूरी तरह
जलना चाहती हूँ
अपनी ज़िन्दगी इसी तरह
पूरी करना चाहती हूँ ।
मैं ,
हलकी सी फूँक का
बस एक तमाशा हूँ ।
मैं शमा - दान की
अधजली शमा हूँ.

Read more...

आख़िर में

>> Thursday, September 25, 2008

आज मेरे अल्फाज़ मुझसे
रूठ से गए हैं
आज मेरे अहसास
जैसे घुट से गए हैं
यूँ लगता है मुझे ऐसा
कि आज मेरी सोच के
सारे के सारे ताने - बाने
टूट से गए हैं ।
भावों को भी कोई लहर
मिलती नही है
ख़्वाबों का भी जैसे
कोई आसमान नही है
तारों की भी चाहत
ख़त्म हो चुकी है
चाँद भी हाथ से
फिसल सा चुका है
चाहती हूँ कि कुछ तो
कह पाऊँ ख़ुद से ही मैं
पर शब्द हैं कि सब
बिखरे से पड़े हैं
सहेजती हूँ इन बिखरे मोतियों को
कि पिरो कर ही कोई माला बना दूँ
आंखों में पानी उतर आता है
कि सुईं भी पिरो नही पाती हूँ ।
ग़मगीन सी भला हूँ क्यों मैं ?
ज़िन्दगी तो यूँ ही चलती जाती है
सोच की आंधी जब होती है तेज
तो हवा का हर रुख वो बदल पाती है
छोड़ दिया है मैंने वक्त के हाथों
इस कश्ती को ज़िन्दगी के सागर में
अब इसकी किस्मत में चाहे थपेडे हों
या सुकूं मिले साहिल पे आकर आख़िर में .

Read more...

सोच के उफान

>> Tuesday, September 23, 2008

सोच ,
सर्फ़ के झाग की तरह
कुछ देर
फेनिल झागों के समान उभरी
और ख़त्म हो गई
दूध में उफान की तरह
विचार उफनते हैं
और कुछ समय बाद
ठंडे हो जाते हैं
उन झागों की तरह
जो स्वयं नीचे बैठ गए हों ।
और फ़िर -
वही बेरौनक सी ज़िन्दगी
कैसे , कब और कहाँ शुरू हुई
एहसास नही रहता
कल आज और कल
बीतते जाते हैं
पर उनका हिसाब नही रहता
इस बेहिसाबी दुनिया में
तुम बीता कल ढूँढते हो
पर यहाँ तो अब
आज का हिसाब नही मिलता
वक्त नही है
अब सोचने का
कल का क्या सोचें
कर्म किए जाओ
फ़िर -
वक्त कहीं का कहीं पहुंचे.

Read more...

सुर्खी एक दिन की ....

>> Monday, September 22, 2008

सोच की आंधी
कुछ इस तरह चली है
की सारे जज़्बात
जैसे उड़ से गए हैं ।
मन के किसी कोने से
एक विश्वास झांकता है
कि कभी तो भय मुक्त हो
हम विचरण कर सकेंगे
आज के हालात ने
इंसान को पत्थर बना दिया है
कहीं किसी के मन में कोई
संवेदना बाकी नही है ।
ज्यों अखबार की ख़बरों को
पी जाते हैं चाय के साथ
बम के धमाकों को भी
पानी समझ के पी गए हैं ।
अब ऐसी ख़बरों से कोई
चौंकता नही है
ज्यों होती हैं ज़िन्दगी में
आम सी दुर्घटनाएं
इनको भी ऐसे ही आम
घटना कहने लगे हैं
एक दिन ख़बरों में चर्चा
सुर्खी बन कर छा जाती है
और फिर सब यूँ ही
जी लेते हैं ज़िन्दगी
जैसे कि हादसों को सब
भूल ही चुके हैं
याद रखते हैं इन घटनाओं को
बस वो ही लोग
जिनके घर के लोग
इन हादसों में मर चुके हैं ।
कोई तो कह दे उन
हत्त्यारों से जा कर
हम सब अब सिर पर
कफ़न बाँध चुके हैं.

Read more...

हमारी वाणी

www.hamarivani.com

About This Blog

आगंतुक


ip address

  © Blogger template Snowy Winter by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP