copyright. Powered by Blogger.

स्वयं का आकलन

>> Monday, May 9, 2022



 7 मई  2022, अपने जन्मदिन पर स्वयं का आकलन 




मैं समन्दर 
सब कुछ मेरे अंदर । 
मन की लहरें 
आती हैं और 
जग के साहिल से 
टकराती हैं 
भिगो कर साहिल को 
थोड़ा नम कर जाती हैं । 
मैं समंदर 
सब कुछ मेरे अंदर । 
कोई लहर 
उदासी की तो,
कोई  प्रफुल्लता  लिए 
आती है 
किनारे से टकरा कर 
उच्छवास लिए 
मुझमें ही 
मिल जाती है 
मैं समन्दर 
सब कुछ मेरे अंदर ।
मन मेरा 
एक कुशल 
गोताखोर की तरह 
लगाता रहता है 
मुझमें ही गोता 
ढूँढने को 
कुछ सीपियाँ 
कि मिल जाएँ 
कुछ नायब मोती 
हाथ आती भी हैं 
कुछ सीपियाँ 
लेकिन फिसल जाती हैं 
और फिर मन 
लगा लेता है गोता ।
मैं समंदर 
सब कुछ मेरे अंदर । 
मेरी लहरों में 
सब कुछ समाता है , 
जो जैसा देता है 
वैसा ही वापस पाता है 
 मैं समंदर 
सब कुछ मेरे अंदर । 



Read more...

नवगीत ...... उड़ जाऊँगी ....

>> Sunday, April 3, 2022

 


तुम गाओ प्रेम - गीत
विरह गीत मैं गाऊँगी 
गाते  गाते ही एक दिन 
चिड़िया बन उड़ जाऊँगी। 

ढूँढोगे जब तुम मुझको 
हाथ नहीं मैं  आऊँगी 
दाना भी डालोगे तो मैं 
इधर उधर हो जाऊँगी ,
तुम गाओ प्रेम गीत 
विरह गीत मैं गाऊँगी ।

दर पर आकर तेरे मैं 
सात सुरों  में गाऊँगी 
झांकोगे जब खिड़की से 
पत्तों  में छिप  जाऊँगी ,
तुम गाओ प्रेम गीत 
विरह गीत मैं गाऊँगी ।

थक हार कर जब कभी 
हताश हो कर बैठोगे
धीरे धीरे दबे कदमों से 
पास तुम्हारे आऊँगी ,
तुम गाओ प्रेम गीत 
विरह गीत मैं गाऊँगी ।

पास देख कर शायद तुम 
खुश हो जाओ क्षण भर को
पाना चाहोगे गर मुझको 
दूर आकाश उड़ जाऊँगी ,
तुम गाओ प्रेम - गीत 
विरह गीत मैं गाऊँगी ।।




Read more...

खलिश मन की .........

>> Thursday, February 24, 2022

 


मन की पीड़ा 
घनीभूत हो 
आँखों से 
बह जाती है 
खारे पानी से फिर
मन की धरती 
बंजर हो जाती है ।

उगता नहीं 
एक भी बूटा 
फिर, 
स्नेहसिक्त भावों से 
भावनाओं की 
दूब भी बस 
यूँ ही 
मुरझा  जाती है ।

खुशियों की चाहत में 
कितने दर्पण  टूटे 
सोचों के ,
अनचाहे ही 
मन धरती पर 
किरचें भी 
चुभ जाती हैं ।

अपना समझ 
जिसको भी 
तुम हमराज 
बनाते हो
उसकी ही 
ख्वाहिश अक्सर
मन की खलिश 
बन जाती है ।











Read more...

शुभ हो बसंत ...

>> Saturday, February 5, 2022




 पीत  वसन 


उल्लसित मन 


बसंत आया ।



खिली फ़िज़ा 


महकी बगिया 


बसंत आया ।



सांकल खोलो 


मन के द्वार की 


बसंत आया ।



मदन का रंग 


सरसों संग 


बसंत आया ।



फूलों की गंध 


मदमस्त रंग 


बसंत आया ।



बौराये भँवरे 


उड़ी तितलियाँ 


कि बसंत आया ।



उम्र के हर पड़ाव पर 


हम तुम संग - संग 


कि बसंत आया ।



बसंत पंचमी 


हम दोनों की 


शुभ हो कि 


बसंत आया ।






Read more...

2021 की सीख ......

>> Friday, December 31, 2021

 


मैं बीस इक्कीस -


देखता हूँ आज जब 


क्या वक़्त था 


एक वर्ष पूर्व 


मेरे आगमन से पहले 


उम्मीद बाँधे दुनिया 


कर रही थी मेरा इंतज़ार 


बहुत बेसब्री से , 


बदलेगा साल तो 


कुछ उम्मीदें जवाँ होंगी 


कोरोना के कहर से 


कुछ तो राहत होगी ।


मैं भी था खुश कि 


कितनी हसरत से 


देख रहे सब मुझको 


एक दूसरे को कह रहे कि 


आने वाला वर्ष 


मुबारक सबको । 


आज जब 


दिन है अंतिम मेरा 


तो फिर सबको इंतज़ार  हैं 


आगत के स्वागत को 


सबका दिल बेकरार है ।


कोस रहे हैं अब मुझको 


कि , ये साल -


लाया था अपने साथ 


भयानक त्रासदी 


कोरोना की दूसरी लहर ने 


न जाने कितनों की 


बगिया उजाड़ दी 


खैर -


अब तो जा ही रहा हूँ 


लेकिन  ,एक बात कहता हूँ 


नए साल में 


कैलेंडर बदलता है 


साल बदलता है  


बाकी सब ऐसे ही चलता है 


कोई आता है , कोई जाता है 


कहीं शोर तो कहीं सन्नाटा है । 


एक गुज़ारिश है सबसे


भुला दीजियेगा विगत 


बीस बाईस का करिए 


खुशियों से स्वागत ।


उम्मीद की डोरी को 


हमेशा थामे रखना 


और मुझे दोस्तों 


अब अलविदा  कहना । 






Read more...

हमारी वाणी

www.hamarivani.com

About This Blog

आगंतुक


ip address

  © Blogger template Snowy Winter by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP