हे कृष्ण - आओ तुम एक बार
>> Monday, May 31, 2010
हे कृष्ण -
आओ तुम एक बार
लेकर कल्की अवतार
पापों का नाश कर तुमने
पापियों को मुक्ति दी
आज पापों के बोझ से
अवनि है धंस रही
फ़ैल रहा दसों दिशाओं में
अपरिमित भ्रष्टाचार
हे कृष्ण -
तुम आओ एक बार
सतीत्व की रक्षा को तुमने
था स्वयं को अर्पित किया
आज यहाँ हर चौराहे पर
स्त्रीत्व खंडित हो रहा
संवेदनाएं प्रस्तर हुयीं
हुआ असीमित व्याभिचार
हे कृष्ण -
आओ तुम एक बार
धर्म रक्षा हेतु तुमने
श्राप गांधारी का लिया
आज धरती पर है
अधर्म का दिया जला
धर्मान्ध बने हुए सब
कर रहे एक दूजे पर प्रहार
हे कृष्ण -
आओ तुम एक बार
ले कर कल्की अवतार











